ऊधमसिंह नगर के शक्तिफार्म में टैगोर नगर निवासी 12 वर्षीय बालिका की सोमवार सुबह उसके घर पर संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। घटना के समय मृतका और उसकी सौतेली मां ही घर पर थे। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
टैगोर नगर निवासी सुनील मंडल सोमवार सुबह अपनी किताब की दुकान में चला गया। घर पर उसकी बेटी पलक (12 वर्ष) और उसकी सौतेली मां रीना मंडल थे। सुबह करीब 9:30 बजे रीना ने अपने पति को फोन से पलक की तबीयत खराब होने की सूचना दी।
घर पहुंचकर सुनील ने देखा कि पलक कमरे के अंदर पलंग पर निढाल पड़ी हुई है और उसकी सौतेली मां फर्श पर बैठी हुई है। बेटी की मौत हो चुकी थी। बेटी को मृत देख सुनील चीखने चिल्लाने लगा। सूचना पाकर चौकी प्रभारी संजीत कुमार यादव और महिला दरोगा निर्मला कटवाल भी दल बल के साथ घटनास्थल पहुंच मामले की जानकारी ली।
मृतका की सौतेली मां रीना ने बताया कि पलक ने कमरे में लगे पंखे से चुन्नी के सहारे फंदा लगा लिया था। उसने पलक को नीचे उतार कर उसके पिता को मोबाइल से सूचना दी। पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर चल रही हैं। चौकी प्रभारी संजीत कुमार यादव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।