दिल के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती पति से मिलने जा रही महिला और उसकी देवरानी की जिंदगी तेज रफ्तार बाइक ने छीन ली। ईसी रोड पर हुए इस हादसे में बाइक सवार दोनों छात्र भी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार बाइक चला रहे छात्र का अभी ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं बना है। ऐसे में पुलिस ने उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूल रूप से उत्तरकाशी के मोरी गांव निवासी भजन सिंह (वर्तमान निवासी सुमन नगर) ईसी रोड स्थित भारत हार्ट सेंटर में भर्ती हैं। बृहस्पतिवार शाम उनका आपरेशन प्रस्तावित था। दोपहर के समय उनकी पत्नी पार्वती (52) अपनी देवरानी नीलम रावत को लेकर आराघर की तरफ से अस्पताल जा रही थीं। अस्पताल के सामने देवरानी और जेठानी एक दूसरे को हाथ पकड़कर सड़क पार कर ही रही थीं कि तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बाइक भी फिसल गई। बाइक चालक अंकित और उसका साथी रोहित निवासी नौगांव पुरोला उत्तरकाशी भी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने दोनों महिलाओं को हार्ट सेंटर की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे दोनों महिलाओं की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। एसपी ट्रैफिक धीरेंद्र गुंज्याल ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार बाइक रोकने के लिए अंकित ने इतनी जोर से ब्रेक लगाए कि पीछे बैठा अंकित उछल कर आगे सड़क पर जा गिरा। इससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि, अंकित के कंधे में चोट आई है। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद अंकित को हिरासत में ले लिया। अंकित और रोहित मसूरी के एक कालेज में बीए के छात्र बताए गए हैं।
बाइक मालिक के खिलाफ होगी कार्रवाई
देहरादून। पुलिस के अनुसार 19 साल के अंकित ने अभी तक डीएल के लिए आवेदन भी नहीं किया है। बिना डीएल वह बाइक को हवा में दौड़ा रहा था। इंस्पेक्टर यशपाल बिष्ट ने बताया कि बाइक का मालिक सूरज चौहान सुभाष नगर, क्लेमेंटटाउन का रहने वाला है। अप्रशिक्षित को वाहन उपलब्ध कराने के आरोप में मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
ओवर स्पीड की वजह से यह हादसा हुआ है। मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जा रही है। दुर्भाग्य की बात यह है कि तमाम जागरूकता और कार्रवाई के बाद नौजवान ओवर स्पीड से होने वाली दुर्घटनाओं से कोई सबक नहीं ले रहे हैं। अभिभावकों को भी अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
-प्रदीप राय, पुलिस अधीक्षक नगर