पनियाला गांव में देर शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष के तीन लोगों को चोटें आई है। इस दौरान तीन राउंड फायरिंग भी की गई। इसके पीछे चुनावी रंजिश बताई जा रही है।
घटना के बाद से गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। इसे देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी की गई है। गंगनहर कोतवाली अंतर्गत पनियाला गांव निवासी सुलेमान और रिजवान के बीच गेट और दीवार को लेकर कुछ विवाद चल रहा था।
गेट बंद कर दिए जाने से गहराया विवाद
एक पक्ष की ओर से गेट बंद कर दिए जाने से विवाद गहरा गया और दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी। विवाद को देखकर आस मोहम्मद, अब्बास और दिलशाद आदि भी वहां पहुंच गए। इसी बीच मुस्तकीम, तस्लीम और सलीम आदि भी वहां आ गए। उनके विवाद को लेकर इन दोनों पक्षों में कुछ कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। जिसमें आस मोहम्मद, अब्बास और दिलशाद आदि लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान तीन राउंड फायरिंग भी की गई। फायरिंग होने से भगदड़ मच गई।
चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा विवाद
मामले की जानकारी पाकर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। तीनों घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया गया।
गंगनहर कोतवाली के एसएसआई रणबीर सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मारपीट के पीछे पुरानी चुनावी रंजिश बताई जा रही है।