पंजाब पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कलियर और रुड़की में 10 दवा विक्रेताओं की दुकानों में छापे मार कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं और इंजेक्शन बरामद किए। इनमें से दो दुकानों को सील करते हुए टीम ने दोनों दुकानों के मालिकों को गिरफ्तार किया।
शनिवार सुबह कैंट थाना (जालंधर, पंजाब) से पुलिस की एक टीम गंगनहर कोतवाली पहुंची। इनके साथ नशीली दवाओं का सप्लायर संजीव कौशल भी साथ था। इसने पुलिस को बताया था कि वह नशे की गोलियां, कैप्सूल और इंजेक्शन कलियर स्थित साबिर मेडिकल और सुपर मेडिकल स्टोर्स से ला कर जालंधर में बेचता है।
इस पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन की एक संयुक्त टीम गठित की और पंजाब पुलिस के साथ कलियर पहुंची। उसके बाद एक साथ नौ दवा बेचने वाली दुकानों में छापे मारे। साबिर मेडिकल स्टोर और सुपर मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में नशे के इंजेक्शन, कैप्सूल और प्रतिबंधित दवाएं बरामद की।
ड्रग इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने दवाओं की जांच कर सील किया। उसके बाद सुपर मेडिकल स्टोर के मालिक अहतसाम उर्फ भूरा (निवासी कासमपुर, बुढाहेड़ी, थाना पथरी) और साबिर मेडिकल स्टोर के आतिफ (निवासी मुकर्रबपुर कलियर) को गिरफ्तार किया। यहां से टीम रुड़की पहुंची और चावमंडी स्थित खान मेडिकोज में छापा मारकर कुछ दवाएं सील की, लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया। सुबह करीब दस बजे से शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक चलती रही।
टीम में यह थे शामिल
टीम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित, एएसडीएम गोपाल सिंह चौहान, सीओ रुड़की स्वप्न किशोर सिंह, गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह, कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल आदि को शामिल किया गया।