मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है, जो आगे भी जारी रहेगी। स्थानांतरण एवं लोकायुक्त एक्ट के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। करप्शन पर जीरो टोलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
रायपुर विधानसभा क्षेत्र के एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएच 74 के मुआवजे घोटाले में कई अधिकारियों को निलंबित करने के साथ ही इसकी सीबीआई जांच के आदेश दिए गए हैं।
खनन माफि याओं के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। वनकर्मी की हत्या में शामिल आरोपी को चार घंटे में गिरफ्तार किया गया। सीएम ने कहा कि वह कहते ही नहीं करते भी हैं। राज्य को स्वावलंबी बनाने के लिए रेवेन्यू के संसाधन विकसित करने होंगे। कोई भी काम असंभव नहीं है। बस नीयत होनी चाहिए।
हमने सेवा के अधिकार को विस्तारित करते हुए बहुत सी अन्य सेवाओं को भी इसके अंतर्गत लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक टोल फ्री नंबर सार्वजनिक किया जाएगा, जहां कोई भी शिकायत या समस्या के बारे में बताए जाने पर दो घंटे के भीतर संबंधित व्यक्ति को अवगत करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता मिशन को प्रदेश में मजबूती दी जाएगी।
पिछले दिनों सहस्रधारा रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड में एक विशेष जैविक पदार्थ का छिड़काव किया गया, इससे वहां दुर्गंध से काफी हद तक मुक्ति मिली है। इस प्रयोग को अन्य स्थानों पर भी आजमाया जाएगा। वहीं नदियों की स्वच्छता के लिए भी गंभीरता से काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य में 100 जन औषधी केंद्र व एक सेंट्रल प्लास्टिक इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट की मंजूरी दी गई है। कार्यक्रम में विधायक हरबंस कपूर, गणेश जोशी, उमेश शर्मा काऊ आदि मौजूद रहे।