पावकीदेवी-गूलर मोटर मार्ग पुश्ता धंसने से बजरी से लदा एक डंपर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक और श्रमिक की मौत हो गई। चालक व श्रमिक दोनों बिहार के रहने वाले थे।
ब्यासी चौकी पुलिस के मुताबिक करीब 15 किमी लंबे पावकीदेवी-गूलर मोटर मार्ग का निर्माण शनिवार से ही हुआ है। इसी के लिए पावकीदेवी से एक डंपर बजरी लेकर नाई प्रतीक्षालाय के पास पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि बजरी उतारने के लिए चालक डंपर पीछे करने लगा, तभी एक श्रमिक भी डंपर के पीछे चढ़ गया और चालक को दिशा बताने लगा। इसी दौरान पुश्ता अचानक धंस गया और डंपर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में चालक जगदीश प्रसाद पुत्र सुगली निवासी ग्राम समरिया, कटिया, जिला गोपालगंज, बिहार की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल श्रमिक मीरन यादव (22) पुत्र स्व. पृथ्वी यादव निवासी ग्राम पुरीक, जिला सहरसा, बिहार को ऋषिकेश राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उपनिरीक्षक सुनील रावत ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके यहां पहुंचने पर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।