धारचूला में सड़क की कटिंग के दौरान गिरे पत्थरों की चपेट में आई महिलाएं काफी देर तक वहीं तड़पती रहीं। जब लोगों को हादसे की जानकारी हुई तो पुलिस की सहायता से महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का मानना है कि अगर हादसे का पहले पता चल जाता तो शायद दीपा देवी की जान बच जाती। इधर रोडकटिंग में लापरवाही बरतने को लेकर ग्रामीणों में काफी गुस्सा है।
ब्लाक प्रमुख धन सिंह धामी और बीजेपी नेता हरीश धामी ने पीएमजीएसवाई पर रोड कटिंग में लापरवाही का आरोप लगाया है। दूसरे हादसे में जान गंवाने वाले दिल बहादुर एक टायर पंचर की दुकान में काम करता था। युवक एक परिचित को उसके घर छोड़ने जा रहा था। जबकि दूसरे युवक को रास्ते में लिफ्ट दी थी।
त्यूनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेपीआरआर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फेड़ीज गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार होमगार्ड की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार जयप्रकाश पुत्र जयदत्त निवासी मुंधौल तहसील त्यूनी अटाल बैरियर चेक पोस्ट पर बतौर होमगार्ड तैनात थे। बीते बृहस्पतिवार की रात वह चैकपोस्ट पर अपने एक अन्य साथी को छोड़ दो किमी आगे फेड़ीज गांव में खाना खाने के लिए गए थे। काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो उनके साथी ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद उनके साथी ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस ने जयप्रकाश की तलाश तेज कर दी। फेड़ीज गांव के पास पुलिस को सड़क पर बाइक स्लिप होने के निशान नजर आए। इसके बाद देर रात करीब दो बजे पुलिस ने सड़क से नीचे घाटी में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। जहां से होमगार्ड का शव बरामद कर लिया गया। होमगार्ड की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी थानाध्यक्ष संदीप पंवार ने बताया कि शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।