दूसरे की जगह एसएसपी एमटीएस परीक्षा देने आए दो मुन्ना भाईयों को परीक्षा केंद्र के स्टॉफ ने पकड़ा है। दोनों बिहार के रहने वाले हैं। राजस्थान के दो अभ्यर्थियों के बदले परीक्षा देने पहुंचे थे। केंद्र के स्टाफ ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसओ प्रेमनगर पीडी भट्ट ने बताया कि एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज नंदा की चौकी प्रेमनगर देहरादून के सेंट्रल हेड विकास रस्तोगी की ओर से थाना प्रेमनगर आकर सूचना दी कि उनके परीक्षा केंद्र पर बृहस्पतिवार को एसएसपी की ओर से मल्टीटास्किंग स्टाफ के विभिन्न पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी।
जिसमें द्वितीय एवं तृतीय पाली की परीक्षा के समय उनके स्टाफ की ओर से परीक्षा केंद्र में एंट्री के दौरान दो व्यक्तियों को पकड़ा है। जिनके पास मौजूद परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र और पहचान पत्र में लगी फोटो भिन्न-भिन्न थी। पूछताछ की गई तो पता चला कि पकड़े गए दोनों किसी अन्य अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने आए थे।