सोमवार देररात ऋषिकुल पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक टिहरी विस्थापित कॉलोनी का रहने वाला है जबकि दूसरे की अभी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो हरिद्वार से रानीपुर मोड़ की ओर जा रही थे। जैसे ही वे ऋषिकुल तिराहे पर पहुंचे सामने से आ रही कार से उनकी टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल पहुँचाया। एक युवक की जेब से मिली आईडी से उसकी पहचान जगदीश निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी के रूप में हुई। जबकि दूसरे युवक की जेब से कोई आईडी नहीँ मिली, इस वजह से उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
नगर कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी ने बताया कि दोनों युवकों की उम्र 22 से 23 साल के आसपास है। प्राइवेट नंबर की कार से एक्सीडेंट हुआ है। कार चालक सिंचाई विभाग की कॉलोनी में रहता है। दूसरे युवक की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।