महिला के पिता नें वसंत विहार थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका अपने पति से विवाद चल रहा था। पिछले छह महीने से वह मायके में रह रही थी। इस बीच वह जान पहचान के ही दीपक चौहान व दुर्गेश कुमार से मिली। वे दोनों उसे पसंद करने लगे।
अक्सर उसे लेकर दोनों में विवाद होता रहता था। वह नशे की आदी हो चुकी थी। इसीलिए परिजनों को दीपक व दुर्गेश से उसकी दोस्ती पर आपत्ति रहती थी। शनिवार रात वह राब के नशे में दीपक के साथ घर पहुंची। परिजनों ने उसे घर में घुसने से मना कर दिया। आरोप लगाया कि इस पर दीपक, उसे दुर्गेश के साथ मिलकर समीप की निर्माणाधीन बिल्डिंग के चतुर्थ तल में ले गया और जान से मारने की नीयत से छत से धक्का दे दिया।
आरोपी ने कहा, गुस्से में दिया धक्का
पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह उसे पिछले दो साल से जानता है। वे दोनों क्रॉकरी स्टोर में साथ काम करते थे। इसी दौरान महिला की मुलाकात दुर्गेश से हुई तो वह दीपक को इग्नोर करने लगी। दीपक, महिला से शादी करना चाहता था। इसलिए वह उस पर अपने पति से तलाक लेने के लिए दबाव बना रहा था। शनिवार शाम दोनों ने शराब पी थी। इसके दोनों घर पहुंचे तो उसके परिजनों ने उसे अंदर नहीं आने दिया।
इसके बाद दोनों पास ही एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में चले गए। वहां उसने दीपक से और शराब पिलाने के लिए कहा। दीपक ने इंकार किया तो उसके फोन करने पर दुर्गेश शराब लेकर वहां पहुंच गया। इसी दौरान दीपक और दुर्गेश में विवाद हो गया। गुस्से में उसने दोनों को छोड़कर अपने पति के साथ जाने की बात कही। इस पर दीपक और दुर्गेश ने गुस्से में उसे को चौथी मंजिल से धक्का दे दिया।
जांच में जो भी आएगा वही धाराएं लगेंगी
थानाध्यक्ष नत्थीलाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण लीवर फटना और ब्लड क्लोटिंग आया है। दीपक और महिला नशे में होने की बात मृतका के पिता ने भी स्वीकारी है। तथ्यों के आधार पर मामला गैर इरादतन हत्या का बन रहा है। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर धाराएं लगाई जाएंगी।