देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के दीपनगर में दुकान को लेकर चल रहा विवाद पुलिस चौकी तक पहुंच गया। विवाद सुलझाने के लिए बुलाए गए दोनों पक्षों के लोग बातचीत के दौरान आपस में भिड़ गए। गाली-गलौज के बाद हंगामा बढ़ने लगा और दोनों पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब नहीं माने तो दोनों पक्षों के 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्तूबर को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि दीपनगर में दुकान के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा है। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाया। पुलिस को उम्मीद थी कि बातचीत के जरिये विवाद को शांत करा दिया जाएगा, लेकिन चौकी में दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के सामने आ गए और हंगामा करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत कराने और विवाद को बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे उग्र हो गए।
सीओ नितिन लोहानी ने बताया कि स्थिति बिगड़ने और मारपीट की आशंका को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में मोहित, श्रीकांत पुंडीर, वरुण चौहान, हिमांशु चौहान, शैलेंद्र राणा, ऋषभ चौहान और शौर्य प्रताप, अनुज, प्रद्युमन राणा, धीर सिंह और सोनू राणा शामिल हैं।