हल्द्वानी में जूडो कराटे की चैंपियनशिप खेलकर लौटीं हाईस्कूल की दो छात्राएं रहस्मय ढंग से गायब हो गईं। 11 दिसंबर को दोनों छात्राएं घूमने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन फिर नहीं लौटीं।
काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनके मोबाइल की काल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रायपुर क्षेत्र से गायब हुईं दोनों छात्राएं जूडो कराटे की खिलाड़ी हैं।
दोनों 11 दिसंबर की सुबह हल्द्वानी से घर पहुंचीं। पूर्वाह्रन 11 बजे दोनों अपने-अपने घर से घूमने के बहाने निकल गईं। दोपहर के समय परिजनों ने फोन किया तो उनका जवाब था कि वह दोनों घूम रही हैं, जल्द वापस आ जाएंगी।
शाम को दोनों छात्राआें के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गए। इसके बाद दोनों के परिजनाें ने एक-दूसरे से संपर्क साधा। और उनकी साथी अन्य छात्राओं से भी बातचीत की, मगर उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दोनों की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल काल डिटेल देखने के साथ ही आसपास के जनपदों की पुलिस को उनके फोटो भेज दिए गए हैं।