नगर चौक पर पुलिस पिकेट से महज 50 मीटर की दूरी पर तड़के तीन दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सीसीटीवी की फुटेज में चोरी की वारदात कैद हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पिकेट पर तैनात दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
नगर के व्यस्ततम क्षेत्र रेलवे रोड पर सोमवार की तड़के चोरों ने तीन दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, सुबह छह बजे वहां से आवाजाही करने वाले लोगों की नजर पड़ी तो संबंधित दुकानस्वामियों को सूचना दी गई। नगर चौक से महज 50 मीटर की दूरी पर रेलवे रोड बाजार में सतपाल गोयल की जनरल स्टोर, प्रवीण गुप्ता की कॉस्मेटिक की दुकान और विकास गुप्ता की चूड़ी की दुकान के शटर तोड़कर चोरी की गई।
प्रवीण गुप्ता की दुकान से करीब 15 हजार से अधिक मूल्य का कॉस्मेटिक का सामान, विकास की दुकान से 15 हजार के नोटों के हार, जबकि सतपाल गोयल की दुकान में लोहे का शटर होने से जुराबें आदि ही चोरी हुई। पुलिस ने बताया कि प्रवीण गुप्ता की कॉस्मेटिक शॉप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद हुई है।
पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करने का आरोपी सुबह करीब पांच बजे के आसपास रेलवे रोड पर कार से आया था। चोरी के दौरान आरोपी ने सिर से टोपी पहन रखी थी जो उसने घटना को अंजाम देने के बाद उतार दी।