बात करने के लिए मोबाइल मांगने पर फतवा गांव निवासी दो भाइयों के बीच कहासुनी मारपीट तक जा पहुंची। इस मारपीट में छोटे भाई ने बड़े भाई को डंडे से मारकर गंभीर घायल कर दिया। बड़े भाई की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार करने लगे, तभी मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अर्थी से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
सुल्तानपुर क्षेत्र के फतवा गांव शेर सिंह (28) और उसके छोटे भाई धर्मेंद्र सिंह (24) पुत्रगण हरिया एक साथ रहते हैं। बड़ा भाई शेर सिंह प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। शुक्रवार सुबह शेर सिंह ने अपने ससुराल बात करने के लिए छोटे भाई धर्मेंद्र सिंह से मोबाइल मांगा। ग्रामीणों के अनुसार छोटे भाई ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया। इसपर दोनों भाइयाें में कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी बढ़ी तो दोनों भाइयों में मारपीट होने लगी। इसी दौरान छोटे भाई ने शेर सिंह को धक्का दे दिया। गिरने से शेर सिंह के सिर में गहरी चोट लग गई।