बुधवार देर रात ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के चिलपड़ मोड़ के समीप एक ट्रक लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
इस दुर्घटना में ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल परिचालक को 108 वाहन से उपचार के लिए ऋषिकेश भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक देहरादून से पिथौरागढ़ मोबाइल टावर का सामान ले जा रहा था।
देवप्रयाग पुलिस को रात लगभग साढ़े 11 बजे पुलिस कंट्रोल रुम टिहरी से सूचना मिली कि चिलपड़ मोड़ के निकट एक ट्रक खाई में गिर गया है। सूचना मिलने पर पुलिस का राहत बचाव दल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने रात में खाई में उतरकर ट्रक में सवार लोगों की तलाश की। तलाशी के दौरान ट्रक परिचालक घायलावस्था में मिल गया। जिसको बचाव दल सड़क पर ले आया। बाद में ट्रक के नीचे ड्राइवर भी मिल गया। लेकिन दबने के कारण वह दम तोड़ चुका था।
थाना प्रभारी विनोद राणा ने बताया कि मृतक चालक सतीश क्षेत्री (35) पुत्र जोध बहादुर निवासी सुंदरवाला (देहरादून) का शव गुरुवार सुबह निकाला जा सका। परिचालक इसरार पुत्र मतमूल निवासी सेलाकुईं देहरादून को उपचार हेतु रात में ऋषिकेश भेजा गया।