- चश्मदीद नहीं मिला, घायल का बयान अधूरा, चालक की पहचान पर संदेह
टैग...अदालत से
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। पटेल नगर थाना क्षेत्र के भूडपुर निवासी पवन कुमार को न्यायिक मजिस्ट्रेट जतिन मित्तल की अदालत ने सहसपुर में 2011 के सड़क हादसे के मामले में सोमवार को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि अभियोजन संदेह से परे आरोप साबित नहीं कर सका।
मामला 10 अगस्त 2011 की शाम करीब 4.00 बजे का है। सहसपुर के चांचक स्थित पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक ने मोहम्मद आजम की बाइक को टक्कर मार दी थी। बाइक पर आजम के साथ दोस्त मनोज कुमार सवार थे। आजम गंभीर घायल हुए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पिता इजहार अहमद की शिकायत पर सहसपुर थाने में संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई।
अदालत ने पाया कि वादी इजहार अहमद और गवाह नसीम ने घटना नहीं देखी थी। घायल आजम से जिरह नहीं कराई गई। बाइक चला रहे मनोज कुमार को गवाह के रूप में पेश ही नहीं किया गया। मैकेनिकल जांच रिपोर्ट से भी तेज गति साबित नहीं हुई। संवाद