संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। अस्पताल रोड पर दिन के समय अचानक से सीवर से रिसकर सड़क पर फैले गंदे पानी ने क्षेत्रवासियों व आवाजाही करने वालों को मुसीबत में डाल दिया। गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीड़-भाड़ के लिहाज से अत्यंत व्यस्त रहने वाले अस्पताल रोड पर दोपहर के समय सीवर चोक हो जाने से समस्या उत्पन्न हो गई। सीवर का गंदा पानी चैंबर से रिसकर सड़क पर बहने लगा। थोड़ी ही देर में राजकीय उप जिला अस्पताल से लेकर दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के अस्पताल रोड तिराहे तक दुर्गंध व गंदगी फैल गई। स्थानीय निवासी व राहगीर खजान सिंह, वासुदेव शर्मा, अरविंद शर्मा ने बताया कि अस्पताल रोड पर आए दिन इस प्रकार की स्थिति का सामना क्षेत्रवासियों को करना पड़ता है। सीवर बार-बार चोक होकर गंदा पानी सड़क के साथ लोगों के घरों व दुकानों में आ जाता है। उधर बाजार आने वाले राहगीराें व ग्राहकों को भी अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। उधर जलकल अभियंता जयपाल सिंह ने बताया कि सीवर के चोक होने की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया था। शीघ्र ही सीवर को ठीक कराकर समस्या का समाधान करा लिया जाएगा।