नए साल पर त्रिवेंद्र सरकार देहरादून और हल्द्धानी को ग्रेविटी वाटर की सौगात देगी। जानिए क्या बोले सीएम..
एमबी इंटर कालेज परिसर में दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के तहत आयोजित ऋण वितरण समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि देहरादून और हल्द्वानी को जल्द ही पेयजल के लिए गुरुत्व जल (ग्रेविटी वाटर) उपलब्ध कराया जाएगा।
इससे प्रति साल 150 करोड़ रुपये की बचत होगी। मुख्यमंत्री ने फिर दोहराया कि किसानों का कर्ज माफ सरकार नहीं कर पाएगी और आईएसबीटी हल्द्वानी में ही बनेगा। समारोह में 12391 किसानों को करीब 30 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इसमें से मुख्यमंत्री ने 32 किसानों को एक-एक लाख रुपये के चेक समारोह में उपलब्ध कराए।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह को शामिल होना था लेकिन वह समारोह में नहीं आ पाए। बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जमरानी और सौंग में बांध बनाने का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने भीमताल के ओखलकांडा विकास खंड में स्वास्थ्य सेवा के सुधार के तहत यहां स्थित अस्पताल को टेली रेडियोलॉजी, टेली मेडिसिन से जल्द ही जोड़ने की घोषणा की।
trivendra singh rawat
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों का कर्ज माफ नहीं कर पाएगी। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के फोन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आईएसबीटी हल्द्वानी में ही बनेगा लेकिन उन्होंने जगह का खुलासा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 26 अस्पतालों को टेली रेडियोलॉजी से जोड़ चुकी है। जैसे-जैसे इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलेगी, वैसे-वैसे अन्य अस्पतालों को भी इससे जोड़ दिया जाएगा। 700 चिकित्सकों की तैनाती होने पर प्रदेश का कोई भी अस्पताल चिकित्सक विहीन नहीं रहेगा। मार्च 2018 तक प्रदेश सरकार प्रदेश में प्रत्येक परिवार को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ेगी। उत्तर प्रदेश से परिसंपत्तियों के बंटवारे में तेजी आई है। ऊधमसिंह नगर के जलाशयों का बंटवारा भी जल्द ही हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में परंपरागत मौन पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। पूर्व में नगर निगम हल्द्वानी के लिए विकास संबंधी जो घोषणाएं की गई थी उन सभी के शासनादेश जारी कर दिए गए हैं। आगामी सत्र से कोटा बाग में कार्यरत राजकीय महाविद्यालय में कृषि विषय की पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। शहीद सैनिक के परिवार से एक सदस्य सरकारी नौकरी दी जाएगी।
सहकारिता मंत्री डॉ. धनसिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के 20 लाख किसानों को सहकारिता से सीधे जोड़ा गया है। इस मौके पर नैनीताल जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, परिवहन मंत्री यशपाल आर्य, सांसद भगत सिह कोश्यारी, विधायक वंशीधर भगत, दीवान सिंह विष्ट, नवीन चंद्र दुम्का, संजीव आर्य, रामसिंह कैड़ा, राज्य सहकारी बैंक अध्यक्ष दान सिह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री बची सिंह रावत, पूर्व मंत्री पूरन चंद्र शर्मा, मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, घनश्याम नौटियाल, सुभाष बेहड़, हयात सिंह माहरा, गजराज बिष्ट, प्रकाश रावत आदि मौजूद रहे।