मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिव्यांगों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उनका कहना है कि दिव्यांगों को सार्वभौमिक (यूनिवर्सल) पहचान पत्र दिए जाएंगे, जो कि पूरे देश में मान्य होंगे। जिससे उन्हें कहीं भी आने जाने व सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
उन्होंने कहा है कि गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार उपलब्ध कराने से ही पलायन रुकेगा। सरकार प्रदेश के 670 न्याय पंचायत मुख्यालयों में विकास केंद्र (ग्रोथ सेंटर) स्थापित करेगी।
इन केंद्रों में दो सौ लोगों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा। प्रथम चरण में 50 केंद्र खोले जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए प्रत्येक जिले में दो आईसीयू सेंटर की स्थापना होगी। अल्मोड़ा में यह सेंटर तीन माह में काम करने लगेगा।
मुख्यमंत्री यहां एसएसजे परिसर के सिमकनी मैदान में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत एलिम्को की ओर से लगाए गए सहायक उपकरण वितरण शिविर को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर 513 दिव्यांगों को 18.90 लाख के 1090 सहायक यंत्र और उपकरण वितरित किए गए।