रांसी-मनणी-केदारनाथ पैदल ट्रेक पर महापंथ से ट्रैकर आलोक विश्वास (33) का शव वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर चारधाम हेलीपैड गुप्तकाशी लाया गया है। आलोक के परिजन बृहस्पतिवार तक पहुंच जाएंगे। ट्रैकर की बीते आठ अक्तूबर को अत्यधिक थकान व ठंड के कारण मौत हो गई थी।
बुधवार को सुबह करीब सात बजे जोशीमठ से भारतीय वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर चारधाम हेलीपैड गुप्तकाशी पहुंचे। यहां पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने टीम को ट्रेक के हालातों की जानकारी दी। इसके बाद दो हेलीकॉप्टर में रेस्क्यू टीम ट्रेक के लिए रवाना हुई। मौसम साफ होने के कारण हेलीकॉप्टर को लैंड करने में दिक्कत नहीं हुई और टीम महापंथ ट्रेक से शव को लेकर करीब 9:30 बजे चारधाम हेलीपैड लौट आए। हेलीपैड से शव को जिला चिकित्सालय लाया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बीते मंगलवार को सरसावा, उत्तर प्रदेश से भारतीय सेना के दो हेलिकॉप्टर जोशीमठ पहुंच गए थे। रेस्क्यू टीम में भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर टीडी शर्मा, विंग कमांडर दीपिका राव, फ्लाइंग लेफ्टिनेंट हिमालय सिंह, स्क्वॉडन लीडर जे. कौर, एएम शाह, एसके सिंह, अंकित यादव, एसडीआरएफ के रवि चौहान, वीरेंद्र काला, दीपक पंत, महेश, रमेश रावत, प्रवीण राठी, प्रवीण चौहान, योगेश रावत, डीडीआरएफ के सुनील सिंह राणा, राहुल कुमार, नरेंद्र सिंह, अनिल सेमवाल और गजपाल आदि शामिल थे। इधर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रेस्क्यू दल को बधाई दी है।