- सूचना पर उद्यान और राजस्व विभाग ने किया निरीक्षण
- आम के हरे पेड़ों पर खतरा बरकरार, 43 पेड़ अब भी खड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के पांवटा रोड पर ढालीपुर के पास आम के हरे पेड़ों पर आरी चलाने के मामले में देहरादून के नेहरू कॉलोनी निवासी विशाल बोहरा और डालनवाला क्षेत्र के नेशविला रोड निवासी प्रदीप टंडन के खिलाफ वृक्ष संरक्षण से जुड़े कानून की संबंधी धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि प्रभारी उद्यान सचल दल केंद्र मोहम्मद हुसैन खान ने शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि ढालीपुर क्षेत्र में विशाल बोहरा और प्रदीप टंडन के बगीचे में आम के हरे पेड़ों पर आरी चलाई गई। सूचना मिलने पर 29 अक्तूबर को उद्यान और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण टीम में उप राजस्व निरीक्षक पंकज शर्मा, मोहम्मद हुसैन खान और उद्यान सहायक रविंद्र सिंह राठौर शामिल रहे। जांच में आम के करीब 28 हरे पेड़ों का अवैध पातन पाया गया। मौके पर लगभग 43 आम के पेड़ सुरक्षित खड़े मिले। विभाग ने मामले की गंभीरता और शेष पेड़ों पर संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया था।
शिकायत के साथ निरीक्षण आख्या और जियो टैग फोटो भी संलग्न किए गए हैं। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।