tree fell on school at ghansali
- फोटो : amar ujala
शनिवार दोपहर को चले तेज तूफान से प्राथमिक स्कूल बहेड़ा के पास एक पेड़ टूटकर स्कूल की छत पर गिर गया, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि किसी भी छात्र और शिक्षकों को कोई चोट नहीं पहुंची। पास में ही जीजीआईसी की शिक्षिकाओं और छात्राओं ने वहां पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला।
शनिवार दोपहर को प्राथमिक स्कूल बहेड़ा के छात्र मध्याह्न भोजन कर रहे थे। इस दौरान चले तेज तूफान के कारण स्कूल के प्रांगण में खड़ा एक पेड़ टूटकर छत पर गिर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान स्कूल में आंगनबाड़ी के बच्चों सहित 24 छात्र-छात्राएं मौजूद थे। पास में ही मौजूद जीजीआईसी की शिक्षिकाओं और छात्राओं के साथ ही आसपास में काम कर रहे मजदूरों ने स्कूल की छत पर पेड़ गिरा देखा, तो वे दौड़ पड़े और कमरे में डरे-सहमे बच्चों को बाहर निकालकर पास के मंदिर में भेजा।
टूटा पेड़ स्कूल की छत पर रुक गया, जिससे किसी भी बच्चे, शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी वर्कर और भोजन माता को कोई चोट नहीं आई। हादसे से बच्चों के डरे होने के कारण स्कूल की छुट्टी कर दी गई। शिक्षिका अनीता कंडवाल और आंगनबाड़ी वर्कर गीता ने बताया कि जब तूफान चल रहा था, तो वह कमरे में बैठे थे कि एकाएक पेड़ टूटकर छत के ऊपर गिर गया। गनीमत रही किसी को कोई चोट नहीं पहुंची।