देहरादून। एफआरआई अस्पताल की पार्किंग में खड़े ऑटो पर एक पेड़ गिर गया। हादसे में घायल हुए ऑटो चालक वसंत विहार निवासी अनिल कुमार को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर की है। एफआरआई के सुरक्षाधिकारी श्याम सिंह चौहान ने पुलिस को सूचना दी थी। बताया था कि अनिल कुमार ऑटो से एफआरआई अस्पताल में दवाई लेने आए थे। वह पार्किंग में ऑटो के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक सूखा यूकेलिप्टिस का पेड़ ऑटो पर गिर गया। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की मौजूदगी में शनिवार को अनिल कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उधर, अनिल कुमार की मृत्यु के बाद उनके परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।