पिघलते ग्लेशियर के कारण रडांग बैंड के समीप बदरीनाथ हाईवे का करीब दस मीटर पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। इसे देखते हुए बीआरओ ने हाईवे के सुधारीकरण का कार्य शुरू कर दिया है।
रडांग बैंड हनुमान चट्टी से चार किलोमीटर की दूरी पर है। शीतकाल में हुई बर्फबारी के कारण यहां ग्लेशियर पसरा हुआ है। अब तापमान बढ़ने के साथ ही ग्लेशियर पिघलने लगा है।
बुधवार को यहां हाईवे पर करीब दस मीटर पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया। सेना के बड़े वाहन भी माणा गांव तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। रडांग बैंड से आगे हाईवे का डामरीकरण कार्य भी रुक गया है। बीआरओ के कमांडर आर सुब्रमण्यम का कहना है कि हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्से का सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। आगामी 10 अप्रैल तक हाईवे का सुधारीकरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।