लोकसभा चुनाव के नतीजे आते ही मुख्यमंत्री ने शासन में फेरबदल करते हुए पौड़ी के डीएम को भी हटा दिया है। शाम के समय मुख्यमंत्री हरीश रावत की मंजूरी मिलते ही तबादला आदेश जारी कर दिए गए।
एमडी रोडवेज के पद पर तैनात आईएएस अफसर चंद्रशेखर भट्ट अब पौड़ी के नए जिलाधिकारी होंगे। हटाए गए चंद्रेश यादव को एक बार पहले भी हटा दिया गया था, लेकिन उस समय सतपाल महाराज ने उन्हें पौड़ी में ही रुकवा दिया था।
राधा रतूड़ी को अतिरिक्त विभाग
लोकसभा चुनाव से फ्री हुई प्रमुख सचिव व मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी को महिला सशक्तिकरण व बाल विकास के अलावा खाद्य एवं नागरिक के साथ ही खाद्य आयुक्त की जिम्मेदारी भी दे दी गई है।
खाद्य आपूर्ति की जिम्मेदारी अभी तक सचिव उमाकांत पंवार व महिला सशक्तिकरण व बाल विकास विभाग प्रमुख सचिव ओमप्रकाश के पास था।
चंद्रेश यादव बने अपर सचिव
कमिश्नर गढ़वाल चंद्र सिंह नपलच्याल को प्रभारी सचिव पुनर्गठन का भी जिम्मा दिया गया है। पौड़ी के डीएम पद से हटाए गए चंद्रेश यादव को शासन में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा, सीमान्त क्षेत्र विकास, पर्यावरण एवं ठोस अपशिष्ट निवारण विभाग, प्रक्षेत्र विकास एवं प्रबंधन विभाग का जिम्मा दिया गया है।