शासन ने ब्यूरोक्रेसी में फेरबदल करते हुए इंटरस्टेट प्रतिनियिक्ति पर आए आईएएस मोहम्मद शाहिद को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के पद पर तैनाती दी है। इसके अलावा कई अफसरों के कार्यक्षेत्रों में फेरबदल कर दिया गया है।
गुजरात कैडर के 1998 बैच के आईएएस मोहम्मद शाहिद मुख्यमंत्री के सचिव होंगे। उन्हें अलग से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अलावा अल्पसंख्यक कल्याण निगम का प्रबंध निदेशक भी बनाया गया है। अल्पसंख्यक विभाग अभी तक प्रभारी सचिव अजय प्रद्योत के पास था।
आरके सुधांसु और बगोली को नई जिम्मेदारी
अमेरिका की ड्यूक यूनिवर्सिटी से एक साल की स्टडी करके लौटे आरके सुधांशु को चिकित्सा शिक्षा, श्रम सेवा योजन का सचिव बनाया गया है। चिकित्सा शिक्षा अभी तक मनीषा पंवार व श्रम सेवा योजन प्रमुख सचिव ओमप्रकाश के पास था।
उधर, सिडकुल के एमडी व अपर सचिव औद्योगिक विकास शैलेश बगोली को हटा दिया गया है। बगोली को जीएमवीएन का एमडी बनाने के साथ ही पर्यटन विकास परिषद का एडिशनल सीईओ नियुक्त किया गया है।
आर राजेश सिडकुल के एमडी
बगोली को अलग से पीएमजीएसवाई का मुख्य कार्यकारी भी नियुक्त किया गया है। पर्यटन विकास परिषद सचिन कुर्वे व पीएमजीएसवाई के सीईओ की जिम्मेदारी अभी तक सीएम के प्रभारी अमित नेगी के पास थी।
जीएमवीएन के एमडी आर राजेश कुमार अब सिडकुल के नए एमडी व अपर सचिव औद्योगिक विकास होंगे। इसी के साथ चम्पावत केडिप्टी कलक्टर जसवंत सिंह राठौर का पिथौरागढ़ किया गया तबादला निरस्त कर दिया गया है।