कांठ (मुरादाबाद) में दो समुदायों के बीच हुए विवाद के चलते रुड़की-मुरादाबाद मार्ग से होकर जाने वाली कई ट्रेनों के रूट बदले गए।
रुड़की और लक्सर स्टेशन से होकर मुरादाबाद की जाने वाली सभी अप-डाउन ट्रेनें शनिवार तड़के तक प्रभावित रहेंगी। इन सभी ट्रेनों को मोज्जमपुर (वाया गजरौला), मेरठ, सहारनपुर से भेजा गया। जबकि सहारनपुर-मुरादाबाद पैसेंजर को रद कर दिया गया है।
मुरादाबाद से पहले कांठ में शुक्रवार दोपहर को दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। अपराह्न साढ़े तीन बजे भीड़ कांठ स्टेशन की रेलवे लाइन पर आ गई। मजबूरन रेलवे ने इस ट्रैक की सभी अप-डाउन ट्रेनों को रोक दिया।
वाया गजरौला भेजी जा रहीं ट्रेनें
देहरादून-इलाहाबाद लिंक एक्सप्रेस 3.50 बजे लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंची। करीब डेढ़ घंटे तक यह ट्रेन रेलवे स्टेशन पर रुकी रही। इसके बाद रूट परिवर्तन कर ट्रेन को बाया मोज्जमपुर, गजरौला के रास्ते भेजा गया।
हरिद्वार-इलाहाबाद हरिद्वार एक्सप्रेस 30 मिनट तक स्टेशन भी खड़ी रही। इसी तरह से ऋषिकेश से बांदीकुई जाने वाली आगरा कैंट पैसेंजर 4.50 पर लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंची। जो करीब एक घंटे बाद वहां से रवाना की गई।
सभी ट्रेनों को डायवर्ट रूट से निकाला गया। कांठ विवाद के कारण ही लक्सर और रुड़की रेलवे स्टेशन होकर मुरादाबाद आने जाने वाली सभी अप-डाउन ट्रेनों को अन्य रूटों से भेजा रहा है।
इन ट्रेनों के रूट डायवर्ट
- देहरादून-इलाहाबाद (लिंक एक्सप्रेस)
- हरिद्वार-इलाहाबाद (हरिद्वार एक्सप्रेस)
- ऋषिकेश-बांदीकुई (आगरा कैंट)
- देहरादून-वाराणसी
- देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस
- काठगोदाम-देहरादून
- धनबाद-फिरोजपुर
- अमृतसर-टाटानगर
- दरभंगा-अमृतसर
- ब्रोनी-अमृतसर
- कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस
- सहारनपुर-लखनऊ
- लखनऊ-चंडीगढ़
- हावड़ा-अमृतसर
- अमृतसर-हावड़ा
यात्रियों ने उठाई परेशानी
घंटों ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों की जमकर फजीहत हुई। कांठ में हिंसा के कारण ट्रेनों को पहले लक्सर और रुड़की रेलवे स्टेशन पर रोका गया। घंटों गर्मी में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
इसके बाद ही ट्रेनों को डायवर्ट रूट से रवाना किया गया। मुरादाबाद पहुंचने में यात्रियों को कम से कम तीन से चार घंटे अतिरिक्त लगे।
रेलवे अधिकारियों का है कहना
शनिवार तड़के चार बजे तक मुरादाबाद आने जाने वाली सभी ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इन्हें अन्य रूट से भेजा जाएगा।
-संतोष कुमार, कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक, लक्सर रेलवे स्टेशन।
कांठ में हुए विवाद के कारण रेल यातायात में परिवर्तन किया गया है। स्थिति सामान्य होने पर ट्रेनों को पुराने रूट से ही भेजा जाएगा।
-आरके शर्मा, यातायात निरीक्षक, लक्सर रेलवे स्टेशन।