अनारक्षित टिकट के साथ ही एप पर मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) को रिचार्ज करने की सुविधा है। अभी तक जनरल टिकट सिर्फ स्टेशन के बुकिंग काउंटर पर ही बनता था। जिससे कई बार लंबी लाइन लगने से यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
रेलवे की नई पहल से अब जनरल टिकट लेना आसान कर दिया है। मुख्य टिकट पर्यवेक्षक संजय अमन का कहना है कि मोबाइल एप से भी यात्री जनरल टिकट ले सकते हैं। यह सेवा दून स्टेशन में शुरू की जा चुकी है।
रेलवे के यूटीएस मोबाइल एप को गूगल प्ले स्टोर से निशुल्क डाउन लोड किया जा सकता है। यह एप एंड्रायड व विंडो दोनों ही स्मार्ट फोन पर उपलब्ध है। एप पर पंजीकरण करने के बाद रेलवे वॉलेट बनेगा।
जनरल टिकट की राशि भुगतान वॉलेट से करने पर यात्री को पांच प्रतिशत का बोनस मिलेगा। यानी 100 रुपये का टिकट है तो यात्री के वॉलेट से 95 रुपये रेलवे के खाते में जाएंगे।
दून रेलवे स्टेशन में प्रतिदिन औसत 2500 जनरल टिकट बिकते हैं। चारधाम यात्रा के दौरान जनरल टिकटों की संख्या बढ़ जाती है।
काउंटर पर भीड़ होने पर कई बार यात्रियों ट्रेन नहीं पकड़ पाते हैं। एप से यात्री घर बैठे भी अनारक्षित टिकट ले सकते हैं।