हल्द्वानी रोड पर गोकुलनगर में मानव रहित क्रॉसिंग पर बरेली से लालकुआं जा रही पैसेंजर ट्रेन से मैक्स जीप टकराने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों मृतक और तीन घायल सितारगंज क्षेत्र और एक घायल पीलीभीत का रहने वाला है। दुर्घटना के बाद ट्रेन लगभग एक घंटे तक मौके पर रुकी रही। सूचना पर रेलवे और पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बरेली से लालकुआं आने वाली ट्रेन संख्या 55335 सुबह लगभग आठ बजे गोकुलनगर के निकट पहुंची तो वहां मानव रहित क्रासिंग पार कर रही मैक्स जीच (यूके 03 5198) चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप लगभग 300 मीटर तक घसीटती चली गई।
हादसे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में जीप चालक महेंद्र कुमार पुत्र अमर सिंह और सुनील निवासी केशवनगर वार्ड-छह सितारगंज शामिल हैं। हादसे में सुनील की पत्नी नीलिमा बुरी तरह घायल हुई हैं।