-आवास विभाग के अधीन विभिन्न पार्किंग प्रोजेक्ट पर तेजी से हो रहा काम
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रदेश में जाम की परेशानी जल्द दूर होगी। 11 स्थानों पर पार्किंग की सुविधा मिलेगी, जिनमें 1082 वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आवास विभाग को, विकास प्राधिकरणों के जरिये बड़े शहरों, तीथार्टन और पयर्टन केंद्रों में पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। विभिन्न विकास प्राधिकरणों के जरिये 195 स्थानों पर पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसमें सरफेस पार्किंग से लेकर मल्टी लेवल पार्किंग और टनल पार्किंग के विकल्प शामिल हैं। इसी आधार पर आवास विभाग 114 जगह पार्किंग की डीपीआर को मंजूरी प्रदान कर बजट जारी कर चुका है। प्रथम चरण में 54 स्थानों पर कुल 3244 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब दूसरे चरण में 11 अन्य स्थानों पर पार्किंग निर्माण करीब 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। आवास विभाग इसी वित्तीय वर्ष में यहां निर्माण पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। इससे 1082 वाहनों के लिए पार्किंग सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
इसके अलावा विकास प्राधिकरणों की ओर से अपने संसाधनों से 11 अन्य स्थानों पर भी पार्किंग निर्माण किया जा रहा है। जिससे 359 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। सचिव आवास डॉ. आर राजेश कुमार ने सभी विकास प्राधिकरणों को पार्किंग निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी यात्रा सीजन से पहले सभी चिह्नित स्थानों पर पार्किंग सुविधा बहाल की जाए।
-
उत्तराखंड में प्रतिवर्ष करोड़ों लोग तीर्थाटन, पयर्टन के लिए पहुंच रहे हैं। सड़कों का नेटवर्क अच्छा होने से अब बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से आते हैं, इस कारण जाम की समस्या होना स्वाभाविक है। बीते चार सालों में विभिन्न स्थानों पर वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने पर काम कर रहे हैं। इससे जाम की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी। -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड