फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIP इंतजाम धड़ाम, सड़क पर रेंगता रहा ट्रैफिक

Wed, 22 Jul 2015 12:31 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
देहरादून की सड़कों पर जाम से निजात दिलाने के लिए मंगलवार को वीआईपी जैसा इंतजाम भी धड़ाम हो गया।
विज्ञापन


जवान से लेकर कप्तान तक सड़क पर थे, लेकिन शहर में कई जगहों पर जाम लगा। एक बजे से तीन बजे तक ट्रैफिक संभालने में पुलिस की सांस फूल गई। इंतजाम का फर्क  इतना रहा कि पुलिस की चौकसी से जाम की अवधि लंबी नहीं रही। जाम के पुराने स्थलों पर पुलिस ने कमान संभाल ली, लेकिन नए स्थानों पर जाम ने मुसीबत बढ़ा दी।

मुख्यमंत्री हरीश रावत की फ्लीट के एक बजे के करीब निकालते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति, पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह, एसपी ट्रैफिक प्रदीप राय के अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी, पुलिस लाइन और आफिस का स्टाफ सड़कों पर उतर आया।
विज्ञापन


कप्तान ने सर्वे चौक पर ट्रैफिक की कमान संभाली। यहां पर 21 के करीब पुलिसकर्मी वाहनों को निकालने में मशगूल रहे। डालनवाला कोतवाली की तरफ से सर्वे चौक की तरफ आने वाले यातायात को इंदर रोड से निकालकर सर्वे चौक पर यातायात दबाव को कम करने का प्रयास किया गया, लेकिन इस डायवर्जन से क्रास माल पर लंबा जाम लग गया। ईसी रोड भी इससे अछूती नहीं रह पाई। यही नहीं डालनवाला और इंदर रोड पर सैकड़ों लोग फंसे रहे।

सीओ डालनवाला प्रमोद कुमार और इंस्पेक्टर अनिल जोशी पुलिस टीम के साथ यहां जाम से जूझते रहे। सर्वे चौक पर यातायात के दबाव के चलते कांवेंट रोड पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। छुट्टी के समय दर्शन लाल चौक पर जाम के हालात बेकाबू हो गए। यहां चारों तरफ वाहनों की लंबी कतार की वजह से घंटाघर पर भी जाम की स्थिति बनी रही।

राजपुर रोड पर रुक- रुककर जाम लगता रहा। प्रिंस चौक से कचहरी रोड, एसएसपी आफिस के बाहर दोनों तरफ वाहनों की पार्किंग की वजह से जाम लगा रहा। एसपी ट्रैफिक जाम प्रभावित इलाकों में भ्रमण कर दबाव कम करने में जुटे रहे। ट्रैफिक के मद्देनजर एसएसपी आफिस और ब्राइटलैंड स्कूल से वन-वे व्यवस्था का भी खास असर नहीं नजर आया।

14 स्कूलों में 20 हजार बच्चे
एसएसपी पुष्पक ज्योति ने बताया कि क्षेत्र के 14 स्कूलों में करीब 20 हजार बच्चे हैं। स्कूल की छुट्टी के समय इन बच्चों के अभिभावकों के आने से संख्या हजारों में पहुंच जाती है। ऐसे में उन्हें निकालने में दिक्कत आना स्वाभाविक है। कई नए प्लान पर काम चल रहा है, अगले दो-तीन दिन में इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे।

यहां किया गया बदलाव
पुलिस ने मंगलवार को सर्वे चौक पर यातायात का दबाव कम करने के लिए ब्राइटलैंड आदि के यातायात को कर्जन रोड, डालनवाला से होते हुए इंदर रोड पर निकाला। इस कारण क्रास रोड पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। दरअसल द्वारिका स्टोर से हेरीटेज से जाने वाला यातायात रोका गया था, लेकिन बुधवार से हेरीटेज की तरफ यातायात का आवागमन रहेगा।

एक से तीन बजे तक पार्किंग नहीं
एसएसपी ने बताया कि एक बजे से लेकर तीन बजे तक ट्रैफिक के मद्देनजर ईसी रोड और राजपुर रोड पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान व्हाइट लाइन के दोनों तरफ भी वाहन नहीं खडे़ हो पाएंगे।

मसूरी रोड का बदलेगा रास्ता
- रेलवे स्टेशन से मसूरी जाने वाली रोडवेज बसों का मार्ग बुधवार से बदल जाएगा। बसें स्टेशन से धर्मपुर, पुलिया नंबर छह से रायपुर होते हुए जाएंगी।
- इसी तरह मसूरी से दून आने वाली बसें कुठालगेट, ओल्ड मसूरी रोड, राजपुर रोड, साईं बाबा मंदिर और सहस्त्रधारा रोड होते हुए स्टेशन आएंगी।

साहब, बता दो कहां से जाऊं
सर्वे चौक पर एसएसपी पुष्पक ज्योति के सामने हाथ जोड़कर आए एक शख्स ने खुद को खंडूरी बताते हुए कहा कि वह एक घंटे से डालनवाला की एमडीडीए कालोनी जाने के लिए भटक रहा है। कई मार्ग पर पुलिस ने यातायात रोक दिया है। रास्ता बताने के बजाए उन्हें आगे धकेला जा रहा है। कम से कम से यह तो बताएं कि आपको किस मार्ग से जाना है। कप्तान के कहने पर उन्हें निकाला गया।

मरीज को नहीं जाने दिया
कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती रजिया को छुट्टी दिलाकर परिजन मेहूंवाला ले जा रहे थे। सर्वे चौक की तरफ का यातायात डायवर्ट किए जाने के कारण रजिया को परिवार समेत इंदर रोड से होकर जाने के लिए कहा गया। यहां पर वाहनों का दबाव होने के कारण जाम लगा था। गर्मी और जाम की वजह से रजिया की तबीयत बिगड़ गई थी। एक अधिकारी के कहने पर इस परिवार को वापस सर्वे चौक से निकाला गया।

सर्वे चौक का चौराहा होगा छोटा
जाम के मद्देनजर एसएसपी ने सर्वे चौक के चौराहे को छोटा कराने के लिए एमडीडीए के अधिकारियों से बातचीत की। उनका कहना था कि चौराहा बड़ा होने के कारण यहां से ट्रैफिक निकालने में कई व्यवहारिक दिक्कतें हैं, इसलिए चौराहे को छोटा करने की जरूरत है।

1 से 3 बजे तक वीआईपी मूवमेंट नहीं
राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था से मुख्यमंत्री हरीश रावत भी नाखुश हैं। उन्होंने कहा कि दोपहर एक से लेकर तीन बजे तक शहर की सड़कों पर वीआईपी मूवमेंट नहीं रहेगा, लेकिन यातायात व्यवस्था हर हालत में सुधरनी चाहिए। रावत ने मंगलवार को इस आदेश के पालन की शुरूआत खुद से की। एक बजने से पांच मिनट पहले ही वह नगर निगम में एक कार्यक्रम को बीच में छोड़कर निकल गए।

मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से नाराजगी जताई है। बताया गया कि दोपहर एक बजे से लेकर तीन बजे तक स्कूलों की छुट्टी के साथ रूटीन के यातायात का दबाव रहता है। सीएम ने खुद पहल करते हुए कहा कि इस अवधि में वीआईपी मूवमेंट शहर की सड़कों पर नहीं होगा। वह खुद तो इसका पालन करेंगे, मंत्रियों से भी इसका अनुपालन कराएंगे।
विज्ञापन


सोमवार को सीएम नगर निगम में जन संवाद गोष्ठी में थे। रावत का यहां रुकने का मन था, लेकिन एक बजे से पहले यह कहकर खड़े हो गए कि तीन घंटे वीआईपी मूवमेंट न होने का पालन पहले उन्हें करना होगा, ताकि दूसरों को सीख मिल सके। 12 बजकर 55 मिनट पर वह काफिले के साथ निकल गए। सीएम के निर्देश के बाद पुलिस अधिकारी भी दबाव में हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें