11 भादसी- पटना मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान हल्दोगी गांव के समीप सड़क पर जमा मलबे का ढेर।
- फोटो : RISHIKESH
भादसी-पटना बाईपास मोटर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग दुगड्डा का खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क पर गिरे मलबे से बीते एक सप्ताह से यातायात बाधित बना हुआ है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कार्रवाई करने के बजाय तमाशबीन बने हुए हैं।
यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग दुगड्डा की ओर से नीलकंठ बाईपास सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। भादसी से पटना के बीच हल्दोगी में बीते 20 दिसंबर से सड़क का निर्माण कार्य रुका हुआ है। सड़क पर जमा मलबे से हल्दोगी गांव के ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। स्थानीय ग्रामीण तेजपाल सिंह बिष्ट और वासुदेव नौटियाल ने बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान ठेकेदार ने जेसीबी से पहाड़ का मलबा सड़क पर जमा कर दिया है, लेकिन उसकी अभी तक सफाई नहीं हुई है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को आवागमन करने में परेशानी हो रही है। लोनिवि से कई बार इस बारे में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर लापरवाह बने हुए हैं।
ठेकेदार को नोटिस भेजा गया है। अगर वह फिर भी जल्द से जल्द इसका समाधान नहीं करता तो उसे तत्काल कार्य से हटाया जाएगा।
-मैनपाल, अवर सहायक अभियंता लोनिवि दुगड्डा, उपखंड लक्ष्मणझूला