शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान के खिलाफ व्यापारियों ने मोर्चा खोलते हुए शनिवार को लंढौर जैन धर्मशाला के पास प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए धरना दिया। इस दौरान आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोगों की सुविधा के लिए लगाए गए प्याऊ को तोड़ दिया गया। आरोप है कि कुछ होटलों के रास्ते में प्याऊ के आने के चलते उनको लाभ पहुंचाने के लिए तोड़ा गया है।
मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। अग्रवाल ने आरोप लगाया कि पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, ईओ के आदेश पर अभियान चलाया जा रहा, जो सरासर गलत है। शहर में लोगों की सुविधा के लिए पहले प्याऊ स्थापित किए गए अब अतिक्रमण के नाम पर तीन प्याऊ को तोड़ा गया। आरोप लगाया कि जैन धर्मशाला के पा का जो प्याऊ तोड़ा गया, उसको एक निजी होटल को लाभ पहुंचाने के लिए पैसे लेकर तोड़ा गया। आरोप लगाया कि पालिका के रसीद धारक को बिना किसी नोटिस के उनके व्यापारिक प्रतिष्ठान को तोड़ दिया। आरोप लगाया कि अतिक्रमण के नाम पर डर का माहौल बनाया जा रहा है।
आरोप लगाया कि पालिकाध्यक्ष अपने चहेते को बचा रहे और जो लोग उनकी बात नहीं मानते, उनके प्रतिष्ठान को अतिक्रमण के नाम पर तोड़ा जा रहा। अतिक्रमण हटाने से पहले लोगों को नोटिस दिया जाना चाहिए और सुनवाई का मौका मिलना चाहिए। कांग्रेस नेता मेघ सिंह कंडारी ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर प्याऊ तोड़े जा रहे। कहा कि अगर कोई अतिक्रमण है, तो उनको पहले नोटिस क्यों नही दिया जा रहा। इस मौके पर ललित मोहन काला, अमित गुप्ता, नागेंद्र उनियाल, राशिद, विजयराम शर्मा, सलीम अहमद, राजकुमार और दानिश आदि मौजूद थे।
पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रजत अग्रवाल अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर राजनीति कर रहे। कहा कि उनको धरना देना था, तो उस दिन देते जिस दिन जेसीबी द्वारा लोगों के खोखे तोड़े गए थे। कहा कि धरना-प्रदर्शन सिर्फ राजनीति के लिए कर रहे। पात्र लोगों का भविष्य में विस्थापन किया जाएगा। कहा कि धरना-प्रदर्शन को कोई जनसमर्थन नहीं मिला, इसलिए व्यापारी नेता गलत बयानबाजी कर रहे।