सेलाकुई थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्वारना नदी में मंगलवार तड़के अवैध खनन सामग्री भरने के दौरान हुए हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। वन सुरक्षा दल की मौजूदगी का आभास होने पर ट्रैक्टर को तेजी से लेकर भागने के प्रयास में यह घटना हुई। मृतक रूपन सिंह (32) मूल रूप से समस्तीपुर (बिहार) का निवासी था और वर्तमान में भाऊवाला झुग्गी बस्ती में रह रहा था।
भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी की चौहड़पुर रेंज का वन सुरक्षा दल क्षेत्र में नियमित गश्त पर था। इसी दौरान भाऊवाला पुल के पास रूपन सिंह नदी से खनन सामग्री भर रहा था। गश्ती दल को देखकर चालक घबरा गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेजी से दौड़ा दिया। जल्दबाजी में वाहन अनियंत्रित होकर एक पत्थर से टकरा गया, जिससे वह नीचे गिर गया और पहिये के नीचे आने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद परिजन उसे गंभीर हालत में धूलकोट स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में वन विभाग और पुलिस ने अपने-अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है।
वन सुरक्षा दल क्षेत्र में नियमित गश्त पर था। गश्ती दल ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक का पीछा नहीं किया था। घटना की जानकारी हमें सुबह मिली। - ओमप्रकाश वर्मा, प्रभारी रेंजर, भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी
चालक के ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिरने के कारण सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - लोकपाल परमार, थाना प्रभारी, सेलाकुई