विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और सत्यापन के दौरान आवश्यक दस्तावेजों को लेकर ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी (पछवादून) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को विभिन्न बूथों पर पहुंचकर जनता से संवाद किया और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी समस्याएं सुनीं।
बूथों पर भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बताया कि उनके पास पुराने जन्म प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही स्पष्ट जानकारी के अभाव में उन्हें कागजी औपचारिकताएं पूरी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने मौके पर लोगों को प्रक्रिया की जानकारी दी और सहयोग का भरोसा दिलाया।
पछवादून जिले में मतदाताओं की मदद के लिए अतुल शर्मा सहित अनुभवी नेताओं की एक समिति का गठन किया गया है, जो बूथ स्तर पर आ रही बाधाओं को दूर करने में जुटी है। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे परिवारों को प्राथमिकता से राहत दी जाए, जिनके पास पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। एसआईआर प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक को दस्तावेजों के कारण अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को जन्म प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर जैसे अभिलेखों के लिए सरल व स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। कांग्रेस जनता की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाकर उनके अधिकारों की रक्षा करेगी।