मसूरी में कार्निवल रिट्ज सिनेमा हाल के बाहर सोमवार को एक पर्यटक का पर्स चोरी के विवाद में पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में एक युवक को मामूली चोट भी लगी है। हालांकि बाद में मामला कोतवाली पहुंचने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
दिल्ली से मसूरी पहुंचे पर्यटक शेखर अरोड़ा, हेमंत, मोहित, अमित राज बांगा, सुमित चावला सोमवार को अंबेडकर चौक के पास कार्निवल रिट्ज सिनेमाहाल में फिल्म देखने गए थे। शेखर अरोड़ा का आरोप है कि बाहर निकलते हुए एक स्थानीय युवक ने पर्स निकाल लिया। इस पर उन्होंने शक के आधार पर आगे चल रहे युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने की बात पर युवक भड़क गया और मारपीट शुरू कर दी।
युवक के बचाव में कई अन्य युवक भी आ गए और मारपीट कर दी। मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची 100 नंबर पुलिस दोनों पक्षों के कोतवाली ले गई। जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।