अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता को अमर उजाला बीते 25 साल से प्रायोजित कर रहा है। हॉकी खिलाड़ियों का कहना है कि वर्ष 1990 के दशक तक इस प्रतियोगिता की लोकप्रियता चरम पर थी और प्रैक्टिस के लिए ओलंपिक में खेलने वाले खिलाड़ियों का यह पसंदीदा टूर्नामेंट था। पिछले दो साल से कोरोना संक्रमण के कारण प्रतियोगिता आयोजित नहीं कराई जा रही है।
पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने दिया था ट्रेड्स कप नाम
वर्ष 1921 में नैनीताल में पहली बार हॉकी के शौकीनों ने स्थानीय स्तर पर हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की थी। कुछ समय बाद इस प्रतियोगिता को नैनीताल ट्रेड्स कप नाम दिया गया। वर्ष 1945 में प्रतियोगिता का नाम बदलकर नार्दन इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता कर दिया गया।
बाद में उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रहे पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने इस प्रतियोगिता का नाम बदलकर अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता किया था। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान वर्ष 1941 से 1945 तक जब देश भर में खेल गतिविधियां बंद हो गई थी तब भी यह प्रतियोगिता जारी रही।
प्रतियोगिता की महत्ता इस बात से भी आंकी जा सकती है कि वर्ष 1990 के दशक में इस प्रतियोगिता दो बार पाकिस्तान की टीम ने भी हिस्सा लिया था। एक बार पाकिस्तान की टीम फाइनल में रनर अप भी रही थी।