ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
दि सैनिक सहकारी आवास समिति लिमिटेड की ओर से रविवार को डिफेंस कॉलोनी में पौधरोपण किया गया। इसके तहत कॉलोनी में 3100 पौधे लगाए जाने हैं। पहले दिन शीशम, अशोक, कनेर आदि के 110 पौधे लगाए गए।
पौधरोपण अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि ओएनजीसी की कार्यकारी निदेशक प्रीता पंत एवं विशिष्ट अतिथि कर्नल (से.नि.) एसएल पैन्यूली ने किया। उन्होंने कहा कि आज पौधरोपण करेंगे, तभी पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। हम सभी को अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने चाहिए। साथ ही लोगों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करना चाहिए। इस दौरान ब्रिगेडियर (से.नि.) एसपी नंद ने भी अपने विचार रखे। समिति सचिव मेजर (से.नि.) एमएस नेगी ने बताया कि कॉलोनी में गुलमोहर, कचनार, शीशम, कनेर आदि के 3100 पौधे लगाए जाने हैं। अभियान की अध्यक्षता डिफेंस कॉलोनी के अध्यक्ष कैप्टन (से.नि.) टीपी कुंडलिया एवं संचालन डॉ. विमलकांत नौटियाल ने किया। इस मौके पर डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कर्नल (से.नि.) एलएम पंत, एसएस रावत, कर्नल (से.नि.) एमएम उनियाल आदि मौजूद रहे।
हमें जोड़ता है हरेला : गामा
देहरादून। मेयर सुनील उनियाल गामा ने रविवार को बड़ोवाला वार्ड में पौधरोपण कर हरेला पर्व का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हरेला हमें जोड़ने का कार्य करता है। इसके अलावा युवाओं को इसके जरिये अपनी संस्कृति को जानने का मौका मिलता है। हम सभी को यह पर्व धूमधाम से मनाना चाहिए। इस मौके पर पार्षद बीना रतूड़ी, महानगर उपाध्यक्ष विनय रावत, हरीश भट्ट, दिनेश सेठी, विमला भट्ट आदि मौजूद रहे।