केदारनाथ में पूजा शुरू कराने पर आज स्थिति साफ होगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में मंदिर समिति की बैठक बुलाई गई है।
देखें, उत्तराखंड आपदा की विशेष कवरेज
केदारनाथ मंदिर की साफ-सफाई होने के बाद भी अभी वहां पूजा शुरू कराने की स्थिति बनती नहीं दिख रही है। बुधवार को एक पीसीएस अधिकारी के नदी में बह जाने की घटना के बाद से सरकारी तंत्र और डर गया है। केदारनाथ में मौसम भी लगातार बिगड़ा हुआ है। ऐसे में वहां पूजा शुरू कराने की पहल किसी और मुसीबत का सबब न बन जाए। हालांकि सरकार और मंदिर समिति का दबाव है कि केदारनाथ में जल्द से जल्द पूजा आरंभ हो, लेकिन हालात ठीक नहीं होने से वहां पूजा करने में तमाम बाधाएं हैं।
मंदिर के रावल और मुख्य पुजारी तक इन हालातों में वहां रहने से बचना चाहते हैं। साथ ही पूजा-पाठ के लिए वहां पर उपयुक्त सामग्री, पुजारी के रहने की व्यवस्था, राशन आदि का प्रबंध और मंदिर के अन्य कार्मिकों के ठहरने आदि का इंतजाम भी आसान नहीं है। केदारनाथ के लिए पैदल मार्ग जब तक तैयार नहीं हो जाता, आवागमन के लिए चापर पर ही निर्भरता है। चापर की उड़ान मौसम खुलने पर निर्भर करेगा। ऐसे में पूजा आदि के लिए गए पुजारी एवं अन्य कार्मिकों को दिक्कतें आ सकती हैं। मंदिर समिति की बैठक में इन सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श होगा।
नहीं लौट सके राहत आयुक्त
मौसम खराब होने के कारण बृहस्पतिवार को भी राहत आयुक्त वीवीआरसी पुरुषोत्तम केदारनाथ में ही फंसे रहे। बताया गया कि उन्हें वहां से वापस गुप्तकाशी आना था, लेकिन पूरे दिन कोई चापर उड़ान नहीं भर सका। पुरुषोत्तम समेत 40 लोग वहीं फंसे हुए हैं। मौसम की खराबी के चलते गुप्तकाशी और गौचर से भी कोई केदारनाथ नहीं जा सका। न ही ईपीआईएल की मशीनें ही केदारनाथ भेजी जा सकीं।