सल्ट विधानसभा चुनाव के प्रचार से लौटने के बाद लैंसडौन विधायक दिलीप रावत कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने चिकित्सकों की सलाह पर स्वयं को होम आइसोलेट कर दिया है। यह जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी है। विधायक के कोरोना संक्रमित होने की सूचना मिलते ही उनके साथ चुनाव के प्रचार और विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद रहे कार्यकर्ता दहशत में आए गए हैं।
विधायक दिलीप रावत ने बताया कि वे पिछले पांच दिनों से सल्ट विधानसभा के चुनाव में पार्टी का प्रचार कर रहे थे। इस दौरान वे नैनीडांडा ब्लाक में विभिन्न कार्यक्रमों में रहे। दो दिन पहले उन्हें अचानक खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत होने पर वे अपना उपचार कराने बेस अस्पताल पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया।
शनिवार शाम को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्होंने स्वयं को होम आइसोलेट कर लिया है। बेस अस्पताल के पीएस डॉ. बीसी काला ने बताया कि लैंसडौन विधायक दिलीप रावत कोरोना रिपोर्ट में संक्रमित आए हैं। क्षेत्र की आशा से मिली रिपोर्ट के बाद उनके रतनपुर कुंभीचौड़ स्थित आवास में उन्हें होम आइसोलेट कर दिया गया है। उनका घर पर ही कोरोना का उपचार किया जा रहा है।
पीआईबी देहरादून में एडीजी के पद पर तैनात नरेंद्र कुमार कौशल (59) का एम्स ऋषिकेश में रविवार रात निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमण से पीड़ित थे। एम्स ऋषिकेश के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि नरेंद्र कुमार कौशल को बीते 10 अप्रैल को देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था।
उन्हें 15 अप्रैल को एम्स ऋषिकेश में लाया गया। वे कोरोना संक्रमित थे। उन्हें एम्स वेंटीलेटर पर रखा गया था। जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव थी। रविवार रात गंभीर अवस्था में उनका निधन हो गया।
पिथौरागढ़ के एडीएम एंटीजन जांच में पॉजिटिव आए हैं। एडीएम आरडी पॉलीवाल को कोरोना के दोनों ही टीके लगाए गए हैं। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि रविवार को एडीएम एंटीजन जांच में कोरोना संक्रमित मिले हैं। शनिवार से उन्हें बुखार था। रविवार को जिला अस्पताल में उनका एंटीजन टेस्ट कराया गया। जिसमें वह पॉजिटिव आए हैं।
उन्होंने बताया कि एडीएम को कोरोना की पहली और दूसरी डोज भी लग चुकी है। उनके पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग उनके कार्यालय में तैनात कर्मियों और उनके संपर्क में आए लोगों के कोरोना सैंपल जांच को लेगा। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि रविवार को चार लोगों ने आइसोलेशन पूरा कर लिया है। इसके बाद संक्रमितों की संख्या 56 पहुंच गई है।
चंपावत से हरिद्वार कुंभ में गए आरएसएस (राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ) के सात स्वयंसेवक कोरोना संक्रमित पाए गए। ये सभी स्वयंसेवक कुछ दिन पहले अपने कुछ साथियों के साथ कुंभ में सेवा के लिए गए थे। संक्रमित आए सभी सातों स्वयंसेवकों को एकांतवास में भेज दिया गया है। साथ ही संपर्क में आए अन्य लोगों की भी सैंपलिंग की जा रही है।
भाजयुमो के नगर अध्यक्ष एडवोकेट गौरव पांडेय ने बताया कि अप्रैल के शुरू में चंपावत जिले से 20 स्वयंसेवक सेवा कार्य के लिए हरिद्वार गए थे। तीन दिन पहले ये स्वयंसेवक हरिद्वार से लौटे। सीएमओ डॉक्टर आरपी खंडूरी ने बताया कि जांच में सात स्वयंसेवक संक्रमित आए हैं। इनके संपर्क में आए अन्य लोगों की जांच कराई जाई रही है। वैसे जिले में रविवार को बीते 24 घंटों में कुल 15 लोग कोरोना संक्रमित आए हैं।
जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के चलते तत्काल प्रभाव से 30 अप्रैल तक के लिए बंद कर दिया गया है। केवल शोध छात्र ही शोध कार्यों के लिए चीफ वार्डन (अधिष्ठाता महाविद्यालय) की स्वीकृति पर छात्रावासों में रुक पाएंगे।
शनिवार को कुलपति की अध्यक्षता में सभागार में संपन्न हुई कुलसचिव व अधिष्ठाताओं की बैठक में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण पर विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिए गए। इसके तहत विवि के सभी छात्रावास तत्काल प्रभाव से 30 अप्रैल तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।
कुलपति डॉ. तेज प्रताप ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को विश्वसरैया भवन के 178 छात्रों के सैंपल लिए थे। इनमें बड़ी संख्या में छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।