रुड़की में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान तेज करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने एक सरकारी और तीन निजी केंद्र और बढ़ा दिए हैं। इससे सिविल अस्पताल का बोझ कम होने के साथ ही बुजुर्गों को भी लंबी लाइनों में लगने से छुटकारा मिल गया है।
इस समय कोरोना टीकाकरण का तीसरा चरण चल रहा है। अभी तक सिविल अस्पताल के अलावा नगर निगम और दो निजी अस्पतालों में टीका लग रहा था। लोगों की बढ़ती भीड़ और सुविधाएं देने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार केंद्रों की संख्या बढ़ा रहा है। करीब तीन दिन पहले ही स्वास्थ्य विभाग ने तीन नए टीकाकरण केंद्र खोले थे। इसके बाद लोगों को काफी राहत मिली थी। अब तीन निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब को टीकाकरण की अनुमति दी गई है।
इसमें चाव मंडी में गुप्ता पैथोलॉजी, गणेशपुर स्थित मदर एंड बोन ज्वाइंट सेंटर और सिविल लाइंस स्थित मिशन हॉस्पिटल शामिल है। जबकि, मिलिट्री अस्पताल को भी टीकाकरण की अनुमति मिली है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने बताया कि अब रुड़की शहर में दस सरकारी और चार निजी टीकाकरण केंद्र हो गए हैं। अब बुजुर्गों को लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। वहीं, फ्रंट लाइन वर्करों को काम छोड़कर सिविल अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। वे आसपास के केंद्र पर ही कोरोना की वैक्सीन लगवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सभी केंद्रों पर करीब 560 लोगों को टीका लगा। सबसे ज्यादा सिविल अस्पताल में 240 को कोरोना वैक्सीन लगी।