कांग्रेस सोशल मीडिया की अध्यक्ष शिल्पी अरोरा ने कहा कि महिलाएं क्या पहनेंगी, ये मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रवात तय नहीं कर सकते हैं। प्रेस बयान जारी कर उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, दूसरी तरफ महिलाओं के प्रति ऐसी घृणित सोच रखती है। महिला कोई वस्तु नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी किया जाना बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी इस पूरे मामले पर अपने पार्टी के नेता के लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र देना चाहिए।
अब नींबू पार्टी देंगे हरीश रावत
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत अब पहाड़ी नींबू की दावत देने जा रहे हैं। शुक्रवार को फेसबुक पेज पर दावत का निमंत्रण जारी कर उन्होंने कहा कि पहाड़ी नींबू उत्तराखंड का सोना है। इस सोने की हमने कद्र नहीं की है। मैं कोशिश कर रहा हूं, इसकी एक राज्यव्यापी और देशव्यापी पहचान बनाऊं, जो किसानों को भी फायदा दे सके। मैंने पहले भी बहुत सारी नींबू पार्टियां और नींबू सन्नी पार्टियां दी हैं, अब मैं चंडीगढ़ व लुधियाना तक इस अभियान को पहुंचा रहा हूं और इसी अभियान के तहत रुड़की, लंढौरा आदि में भी यह नींबू सन्नी को पहुंचा रहा हूं।
टीएसआर-टू में अल्टु पल्टुओं का दबदबा : हरीश रावत
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि लोग मुझसे बार-बार पूछते हैं कि टीएसआर-1 और टीएसआर-2 की सरकार में क्या अंतर है? रावत के मुताबिक व्यक्तियों के काम करने और व्यक्तित्व में थोड़ा अंतर तो होता ही है। एक अंतर जो साफ-साफ दिखाई दिया है, वह कि टीएसआर-1 की सरकार में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता हावी थे और टीएसआर-2 की सरकार में अभी तक अल्टू-पल्टू राम हावी दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि अल्टू पल्टुओं से हरीश रावत का आशय कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में आए नेताओं से है। त्रिवेंद्र सिंह रावत को हरीश रावत टीएसआर-1 और तीरथ सिंह रावत को वे टीएसआर-2 बता रहे हैं।