उत्तराखंड में शनिवार को 24 घंटे के भीतर 1233 नए संक्रमित मिले हैं। जबकि तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। वहीं, एक्टिव केस की संख्या 6241 पहुंच गई है। प्रदेश में अब तक 107479 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 97644 मरीज ठीक हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें... उत्तराखंड: कोरोना संक्रमित मृतकों को अपने पैतृक स्थान ले जा सकेंगे परिजन, जिले के डीएम से लेनी होगी अनुमति
वहीं, प्रदेश में अब तक 1752 कोरोना संक्रमित मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा मामले मिल रहे हैं।
देहरादून जिले में एक हजार पहुंचा कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा
देहरादून जिले में कोरोना संक्रमण के प्रसार के साथ ही संक्रमित मरीजों की मौत का सिलसिला एक बार फिर से बढ़ने लगा है। शनिवार को भी जहां देहरादून जिले में 589 लोगों की कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।
इस तरह से जिले में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 34122 पहुंच चुकी है।
जबकि 30115 लोग उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में इस शनिवार तक कोरोना संक्रमण के 2568 सक्रिय मरीज थे। जबकि, शनिवार को जिले में विभिन्न अस्पतालों में कोरोना संक्रमित तीन मरीजों की मौत हुई है। जिससे जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा एक हजार पहुंच चुका है।
शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार शाम तक लगभग 150 मरीज भर्ती थे। इसी तरह, कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए 26 से अधिक कंटेनटमेंट जोन बनाकर प्रभावित क्षेत्रों को लॉकडाउन किया गया है।
जिला प्रशासन के साथ ही विशेषज्ञ डाक्टर भी लगतार लोगों से ठीक से मास्क पहनने, आपस में दो गज की दूरी रखने, हाथों को धोने या सेनेटाइजेशन करने और भीड़भाड़ में जाने से बचने जेसे कोरोना के प्रसार को रोकने के नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं।
छावनी नगर लैंसडौन में मुख्य अधिशासी अधिकारी और सफाई निरीक्षक कोरोना संक्रमित
छावनी नगर लैंसडौन में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। छावनी परिषद के सफाई निरीक्षक दीपक मिश्रा रैपिड एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव आए, जबकि मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) शिल्पा ग्वाल की आरटीपीसीआर सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।
स्वास्थ्य विभाग ने दोनों अधिकारियों को होम आइसोलेट कर उनका उपचार शुरू कर दिया है। संक्रमितों के सीधे संपर्क में आए 25 कर्मचारियों का आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए भेज दिया है।
दोनों लोग हाल ही में बाहर से लौटे थे
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयहरीखाल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुंकेश पांडे ने बताया कि दोनों लोग हाल ही में बाहर से लौटे थे। लैंसडौन आने के बाद गुरुवार को मुख्य अधिशासी अधिकारी शिल्पा ग्वाल में कोरोना के लक्षण होने के कारण पहले उनका रैपिड एंटिजन टेस्ट किया गया, जिसमें वह कोरोना निगेटिव आईं।
इसके बाद उनका आरटीपीसीआर सैंपल लेकर जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां से शनिवार को आई रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित मिलीं। छावनी अस्पताल की चिकित्सक डॉ. मनीषा अग्रवाल ने बताया कि छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी और सफाई निरीक्षक दोनों ने स्वयं को होम आइसोलेट कर दिया है।
गाइडलाइन का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
मसूरी एसडीएम मनीष कुमार के निर्देश पर प्रशासन की टीम के साथ नगर पालिका व पुलिस ने रेस्टोरेंट में कोरोना गाइडलाइन के पालन को लेकर अभियान चलाया। टीम ने डेढ़ दर्जन से अधिक रेस्टोरेंट संचालकों को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।