उत्तराखंड में कई दिन बाद कोरोना संक्रमितों की 100 पहुंची है। राज्य कोविड कंट्रोल रूम से जारी बुलेटिन के अनुसार, बृहस्पतिवार को राज्य में 100 लोगों की कोरोना सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि, राहत वाली बात यह है कि पिछले 24 घंटे के भीतर राज्य में कोरोना संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, नैनीताल में सर्वाधिक 55, देहरादून में 20, हरिद्वार में 13, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और उधमसिंह नगर में तीन-तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि चमोली में दो व अल्मोड़ा में एक मरीज कोरोना संक्रमित मिला है।
वहीं, बागेश्वर, चंपावत, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल व उत्तरकाशी में पिछले 24 घंटे में कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। उधर, राज्य में बृहस्पतिवार को भी सभी जिलों में विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में कई केंद्रों पर लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस दौरान कुछ जगह से अव्यवस्थाओं की भी सूचना है।
सेना भर्ती का प्रशिक्षण ले रहे 30 से ज्यादा युवा निकले पॉजिटिव
सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवकों को एक साथ प्रशिक्षण लेना भारी पड़ गया है। जिले में बृहस्पतिवार को मिले 55 कोरोना मरीज मिले हैं। इनमें 30 से ज्यादा रामनगर में भर्ती प्रशिक्षण ले रहे युवा हैं। बता दें कि मंगलवार को कोरोना के 53 केस आए थे। बुधवार को कोरोना के दो नए केस आए थे। 24 घंटे बाद ही कोरोना पॉजिटिव केसों का ग्राफ फिर बढ़ गया।
सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि रामनगर में सेना भर्ती की तैयारी के लिए आए युवक एकसाथ प्रशिक्षण ले रहे हैं। मालधन में सबसे अधिक 24 और ढेला में आठ पॉजिटिव केस आए मिले हैं, जबकि रामनगर के ही अलग-अलग क्षेत्र से 13 और केस आए हैं।
राहत की बात यह है कि सभी पॉजिटिव मरीज बिना लक्षण वाले हैं। डॉ. जोशी ने बताया कि रामनगर में सर्विलांस का काम शुरू हो गया है। एसडीएम ने भी मौका मुआयना किया है। शुक्रवार से सैंपलिंग का काम शुरू हो जाएगा। दूसरी ओर, सुशीला तिवारी अस्पताल में कोविड पॉजिटिव चार मरीज भर्ती हैं और आइसोलेशन में छह मरीजों को रखा गया है।