पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई महिला को बाघ ने मार डाला। शव के आसपास बाघ के पंजे के निशान मिले हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। मारी गई महिला हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज के ही बीट वाचर धन सिंह की पत्नी थी।
आमबाग ककरालीगेट निवासी बीट वाचर धन सिंह की पत्नी राधा (46) सोमवार की सुबह गांव की महिलाओं के साथ पशुओं के लिए चारा लेने द्वान बीट के जंगल में गई थी। यह क्षेत्र हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज के अंतर्गत आता है। साथ की महिलाएं तो चारा लेकर लौट आईं, लेकिन राधा देर शाम तक जब घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
धन सिंह ने रेंजर ख्याली राम आर्य और वन कर्मियों को भी राधा के जंगल से न लौटने की सूचना दी। वन कर्मियों की टीम ने जंगल में देर रात तक महिला की खोज की लेकिन वह नहीं मिली।
मंगलवार सुबह विभाग की टीम ने फिर से जंगल में आपरेशन रेस्क्यू चलाया तो झाड़ी में राधा का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। बाघ ने आधी गर्दन, दाहिना हाथ और पेट का काफी हिस्सा खा लिया था। सूचना पर एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला व कोतवाल अरुण कुमार वर्मा भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
वन क्षेत्राधिकारी ख्याली राम ने बताया कि शव के पास ही बाघ के पंजे के निशान मिले हैं। उनका कहना है कि इस जंगल में कई बाघ होने से यह कह पाना मुश्किल है कि यह बाघ वही है, जिसने दो महीने पहले इसी बीट में बोहरा गोठ की महिला को निवाला बनाया था। बाघ की पहचान और उसके मूवमेंट का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं।
इधर एसडीएम अनिल चन्याल ने बताया कि वन विभाग को शीघ्र पिंजरा लगाकर आबादी से सटे जंगल में घूम रहे बाघ को पकड़कर दूसरी जगह ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।