देहरादून स्थित वन अनुसंधान केंद्र (एफआरआई) में देर रात कुछ लोगों ने बाघ देखने का दावा किया है।
हालांकि, वन विभाग इससे इनकार कर रहा है। विभाग का कहना है कि अब तक परिसर में सिर्फ गुलदारों के ही रहने की पुष्टि हुई है। एफआरआई के बंगला नंबर 20-22 से लगी सड़क पर गुरुवार रात कुछ लोगों को बड़ा वन्यजीव नजर आया।
प्रत्यक्षदर्शी हेमबहादुर थापा और कुछ अन्य का कहना था कि यह बाघ था। शोर मचाने पर वह जंगल की ओर चला गया। बता दें कि कुछ दिन पूर्व संस्थान के एक सुरक्षाकर्मी ने भी यह दावा किया था।
उधर, प्रभागीय वन अधिकारी सुशांत पटनायक ने परिसर में बाघ होने से इनकार किया। कहा कि पहले भी सूचना मिली हैं, लेकिन इसका कोई साक्ष्य अब तक नहीं मिला है।
गुलदार भी आ रहा नजर
परिसर में गत तीन दिनों से गुलदार लगातार नजर आ रहा है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब तक रोशनी की व्यवस्था न होने से गुलदार परिसर के भीतर बेखौफ घूम रहा है।