कार्बेट नेशनल पार्क के बिजरानी जोन में घास काटने गई दो महिलाओं पर बाघ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को संयुक्त अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को बिजरानी रेंजर की मौजूदगी में अन्यत्र रेफर कर दिया गया।
घास काटने गई थी महिलाएं
बुधवार को रिगौड़ा खत्ता निवासी शोभा कांडपाल पत्नी त्रिलोचन कांडपाल और भावना सती पत्नी दिनेश सती कुछ अन्य महिलाओं के साथ बिजरानी रेंज के फूलताल कंपार्टमेंट नंबर 3 और 4 के बीच घास काटने गई थीं। स्रोत के पास उनका बाघ से सामना हुआ। बाघ शोभा पर झपटा।
भावना उसे बचाने आई तो बाघ ने उस पर भी हमला कर दिया। साथी महिलाओं के शोर मचाने पर बाघ वहां से भाग गया। दोनों में से एक के सिर और दूसरी महिला के मुंह में गहरा घाव बना है। कार्बेट पार्क के उपनिदेशक डा. साकेत बडोला ने बताया कि ताजा घटना के बाद संबंधित इलाके में गश्त बढ़ाई जा रही है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से जंगल न जाने की अपील की है।