-एक से 15 अक्तूबर तक की यात्रा के लिए होगी टिकट बुकिंग
-डीजीसीए की अनुमति के बाद चारधाम के लिए चार्टर्ड हेलिकॉप्टर सेवा शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) केदारनाथ व हेमकुंड साहिब हेली सेवा के लिए 22 सितंबर से टिकट बुकिंग शुरु करेगा। यह बुकिंग एक से 15 अक्तूबर तक की यात्रा के लिए होगी। इसके अलावा डीजीसीए की अनुमति के बाद चारधाम के लिए चार्टर्ड हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है। इसका संचालन सहस्त्रधारा हेलीपैड से किया जा रहा है।
यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि दूसरे चरण की चारधाम यात्रा के लिए केदारनाथ व हेमकुंड साहिब हेली सेवा 15 सितंबर से शुरू की गई। 30 सितंबर तक हेली सेवा की टिकट बुकिंग फुल हो चुकी है। एक से 15 अक्तूबर तक की यात्रा के लिए केदारनाथ व हेमकुंड साहिब हेली टिकट बुकिंग 22 सितंबर से शुरू की जाएगी। यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट heliservices.uk.gov.in से बुकिंग कर सकते हैं। केदारनाथ हेली सेवा के लिए दोपहर तीन बजे और हेमकुंड साहिब के लिए शाम पांच बजे से बुकिंग की जाएगी।
हेली सेवा के अलावा चारधाम चार्टर्ड सेवा भी शुरू हो गई है। सहस्त्रधारा हेलीपैड से चार्टर्ड हेलिकॉप्टर सेवा उपलब्ध है। जबकि जौलीग्रांट से एमआई हेलिकॉप्टर के इंजन में तकनीकी खराबी से फिलहाल चार्टर्ड सेवा उपलब्ध नहीं है। यूकाडा ने डीजीसीए से सामान्य हेलिकॉप्टर संचालित करने की अनुमति मांगी है।