दून स्टेशन से ट्रेन में जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को अब टिकट के लिए लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। रेल यात्री दून स्टेशन पर वेंडिंग मशीन से टिकट ले सकेंगे। बुधवार दोपहर बाद तीन वेंडिंग मशीन से टिकट मिलने शुरू हो गए। बुधवार को इन मशीनों में बाइस सौ रुपये एकत्र हुए।
बुधवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके पूठिया का वेंडिंग मशीन का उद्घाटन करने का कार्यक्रम तय था। मुख्य सचिव के साथ बैठक में देरी के वजह से जीएम बिना उद्घाटन करे दिल्ली लौट गए। स्थानीय रेल अधिकारियों ने ही वेंडिंग मशीनों का उद्घाटन किया।
दोपहर बाद यात्रियों को रेलकर्मियों ने वेंडिंग मशीन से जनरल कोच का टिकट खरीदने की प्रक्रिया भी बताई। चीफ बुकिंग सुपरवाइजर मतीन अहमद ने बताया कि वेंडिंग मशीन से सामान्य श्रेणी के यात्रियों को ही टिकट की सुविधा उपलब्ध है। सीनियर सिटीजन, विकलांग आदि श्रेणी में टिकट में छूट पाने के लिए अनुमन्य यात्रियों को काउंटर से ही टिकट खरीदना पड़ेगा।