-परेड ग्राउंड से निकाली गई रैली में चीन का जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। परेड ग्राउंड में तिब्बती समुदाय ने तिब्बती महिला राष्ट्रीय जनक्रांति दिवस पर रैली निकाली और चीन के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान महिलाएं हाथों में तख्ती और ध्वज लेकर शामिल हुईं।
बृहस्पतिवार को परेड ग्राउंड में तिब्बती वूमेंस एसोसिएशन के आह्वान पर बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय के लोग इकट्ठा हुए। पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह दिन उन बहादुर महिलाओं के साहस, त्याग और बलिदान की स्मृति में बनाया जाता है, जिन्होंने 12 मार्च 1959 को तिब्बत की राजधानी ल्हासा में एकजुट होकर चीन शासन के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सभी तिब्बती समाज के साथ खड़े हैं। इसके बाद परेड ग्राउंड से समुदाय के लोगों ने ध्वज और तख्ती लेकर रैली निकाली और चीन का विरोध किया। महिलाओं ने फ्री तिब्बत, तिब्बत पर कब्जा बंद करो के नारे लगाए। रैली बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक, दर्शनलाल चौक होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस मौके पर भारत तिब्बत सहयोग मंच के इंदर पाल कोहली, भगवती प्रसाद, राकेश कपूर, डॉ. राकेश, नीमा लामो आदि मौजूद रहे।